जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे सरायकेला खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत टिओपी चौक में प्रशासक गोपी कृष्ण के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटाया गया, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू किया जा सके. अभियान को लेकर जानकारी देते हुए प्रशासक गोपी कृष्ण ने बताया कि बीते कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि टिओपी चौक पर हमेशा जाम जैसी स्थिति बनी रहती है. यहां तक कि कई बार एंबुलेंस के फंसे रहने की भी सूचना प्राप्त हुई थी. (नीचे भी पढ़ें)
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जब उन्होंने स्वयं स्थल का निरीक्षण किया, तो पाया गया कि दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान, ग्रिल आदि सड़क पर रखकर मार्ग को संकरा कर दिया गया है. इसके बाद नगर परिषद प्रशासन द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया गया और सड़क को जाम मुक्त कराया गया. प्रशासन ने दुकानदारों को आगे से सड़क पर सामान न रखने की सख्त हिदायत दी है, ताकि आम लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो.



