जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. मामला मानगो के वार्ड संख्या 8 स्थित चाणक्यपुरी का है, जहां सुवर्णरेखा नदी के तटवर्ती इलाके में बसे घरों के खिलाफ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई. दरअसल, नदी तट पर अतिक्रमण को लेकर करीब डेढ़ साल पहले ही एनजीटी की ओर से नोटिस जारी किया गया था. इसी नोटिस के आधार पर शुक्रवार को प्रशासन की टीम चाणक्यपुरी पहुंची और तीन घरों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर प्रशासन की टीम की मौजूदगी में घरों को तोड़ने की कार्रवाई की गई. हालांकि, प्रभावित परिवारों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए प्रशासन से एक सप्ताह की अतिरिक्त मोहलत देने की मांग की. परिवारों का कहना है कि अचानक घर खाली करने और तोड़ने से उनके सामने सामान हटाने और वैकल्पिक व्यवस्था करने की समस्या खड़ी हो गई है. ऐसे में उन्हें कम से कम एक सप्ताह का समय दिया जाए, ताकि वे अपना सामान सुरक्षित निकाल सकें और रहने के लिए दूसरी जगह की व्यवस्था कर सकें. (नीचे भी पढ़ें)
लेकिन प्रशासन ने एनजीटी के आदेश के तहत कार्रवाई जारी रखी और विरोध के बावजूद घरों को तोड़ा गया. अब इस कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों के सामने आशियाने और पुनर्वास की चिंता खड़ी हो गई है.




