जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र स्थित आम बागान के पास महिलाओं के साथ अश्लील हरकत करने वाले एक युवक को स्थानीय लोगों की सतर्कता से पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया. गिरफ्तार युवक की पहचान मनीफीट निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार अमित कुमार काफी समय से इलाके में आने-जाने वाली महिलाओं को देखकर अश्लील हरकतें कर रहा था. शनिवार को भी वह आम बागान के पास खड़ा होकर महिलाओं को देखकर अभद्र व्यवहार कर रहा था. आसपास मौजूद लोगों की नजर जब उस पर पड़ी तो उन्होंने उसकी हरकतों का विरोध किया और तुरंत इसकी सूचना साकची थाना पुलिस को दे दी. (नीचे देखे पूरी खबर)

स्थानीय लोगों ने सबूत के तौर पर उसकी करतूत का वीडियो भी अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. लोगों ने पुलिस को वीडियो दिखाया, जिसके आधार पर पुलिस ने मौके से ही अमित कुमार को पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर साकची थाना ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. उसे पकड़ने वाले लोगों ने बताया कि जब उसे पकड़ा गया तो वह अपना मोबाइल छिपाने की कोशिश कर रहा था और अपना नाम-पता बताने से भी बच रहा था. काफी खोजबीन के बाद उसका मोबाइल बरामद किया गया. इसी दौरान उसके घर से फोन आने पर परिवार से बात कर उसकी पहचान और पता की पुष्टि हुई. स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक का मानसिक संतुलन सामान्य प्रतीत होता है. लोगों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में वह इस तरह की हरकत दोबारा न कर सके.






