जमशेदपुर: नगर निकाय चुनाव के मद्देनज़र पूर्वी सिंहभूम में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को बोड़ाम थाना क्षेत्र के ग्राम लावजोड़ा में उत्पाद टीम ने छापेमारी कर बड़ी सफलता हासिल की. कार्रवाई के दौरान विक्रम महतो के घर से पश्चिम बंगाल राज्य में बिक्री हेतु विभिन्न ब्रांडों की विदेशी शराब और बीयर का स्कंध बरामद किया गया.(नीचे भी पढ़े)
उत्पाद टीम के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर विशेष योजना बनाकर यह छापेमारी की गई. तलाशी के दौरान कुल 33.420 लीटर अवैध विदेशी शराब तथा 9.100 लीटर बीयर बरामद की गई. टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से अभियुक्त के फरार होने की योजना विफल कर दी गई और उसे घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया गया.अधिकारियों ने बताया कि चुनाव के दौरान अवैध शराब की तस्करी और वितरण पर रोक लगाने के लिए जिले में लगातार निगरानी और सघन अभियान चलाया जा रहा है. (नीचे भी पढ़े)
बरामद शराब को जब्त कर लिया गया है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.विक्रम महतो के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए) के तहत अभियोग दर्ज किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक अभिरक्षा में अग्रसारित कर दिया गया है.उत्पाद टीम, पूर्वी सिंहभूम ने स्पष्ट किया कि चुनाव के मद्देनज़र अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे.



