जमशेदपुर: मानगो नगर निगम के वार्ड नंबर 19 की प्रत्याशी रानी परवीन के समर्थन में उनके पति फिरोज आलम ने शनिवार को बाइक रैली निकालकर व्यापक जनसंपर्क किया. रैली में समर्थकों का उत्साह देखने लायक था. क्षेत्र की प्रमुख सड़कों से गुजरते हुए रैली ने मतदाताओं तक पहुंच बनाई और लोगों से समर्थन की अपील की गई.इस दौरान फिरोज आलम ने कहा कि चुनाव जीतने के बाद जनता से किए गए हर वादे को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा. उन्होंने दावा किया कि वार्ड की मूलभूत समस्याओं रोड, नाली, बिजली और पानी का स्थायी समाधान उनकी पहली जिम्मेदारी होगी. हमारा लक्ष्य वार्ड 19 को सुविधाओं के मामले में आदर्श बनाना है. विकास कार्यों में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित की जाएगी. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि रैली के दौरान कई स्थानों पर स्थानीय निवासियों ने उम्मीदवार के प्रति समर्थन जताया. लोगों ने क्षेत्र में जलनिकासी, टूटी सड़कों और नियमित बिजली आपूर्ति जैसी समस्याओं का मुद्दा उठाया. फिरोज आलम ने भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधि बनने के बाद इन मुद्दों पर तत्काल कार्यवाही की जाएगी और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समयबद्ध समाधान निकाला जाएगा.राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि वार्ड 19 में इस बार मुकाबला रोचक हो सकता है. बाइक रैली के जरिए किया गया यह प्रचार अभियान मतदाताओं के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. शनिवार, 21 फरवरी नगर निकाय चुनाव प्रचार का आखरी दिन है. इसके मद्देनजर प्रत्याशियों व समर्थकों ने विशाल बाइक रैली निकाली.



