जमशेदपुर : जमशेदपुर आबकारी विभाग के अधिकारियों ने आसन्न होली के मद्देनजर सोमवार को एमजीएम थानांतर्गत अवध डेंटल कॉलेज से सटे बने ऊंची चहारदीवारी युक्त भवन में छापामारी कर अवैध विदेशी शराब निर्माण केंद्र का उद्भेदन किया. इस दौरान वहां से विदेशी शराब बनाने एवं उसकी पैकिंग करने के अन्य सरंजाम भी बरामद किए हैं. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि आगामी होली के मद्देनजर जमशेदपुर आबकारी विभाग फिलहाल जमशेदपुर के सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर अवैध मदिरा के विनिर्माण, भंडारण तथा बिक्री के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में गुप्त रूप से मिली जानकारी के आधार पर सोमवार को विभागीय अधिकारियों ने एमजीएम थानांतर्गत अवध डेंटल कॉलेज के सटे बने ऊंचे चहारदीवारी युक्त राजेश कुमार शर्मा के मकान में छापामारी की. इस दौरान उक्त परिसर में चल रहे अवैध विदेशी शराब निर्माण केंद्र का उद्भेदन हुआ. (नीचे भी पढ़ें)
छापामारी में विदेशी शराब बनाने एवं उसे बोतलबंद करने के लिए जरूरी सरंजाम, जैसे स्पिरिट, तैयार तरल रंगीन शराब, भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों के खाली बोतल, भारी मात्रा में ढक्कन व बोतल सीलबन्द करने हेतु कॉर्क, बोतलों पर चस्पां किये जाने वाला विभिन्न ब्रांडों के लेबल, नकली उत्पाद आसंजक, शराब को रंग व फ्लेवर देने में प्रयुक्त केरामेल लीटर, प्लास्टिक के ड्रम में तैयार रंगीन विदेशी शराब तथा करीब 80 पेटियों में रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, रॉयल गोल्ड कप आदि ब्रांडों की बोतल बन्द शराब बरामद हुए हैं. कुल बरामद विदेशी शराब की मात्रा का आकलन किया जा रहा है.







