
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो छोटा पुल से होकर गुजर रही केबुल में अचानक आग लग गई. उधर आज लगते ही पुल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और पुल के समीप ड्यूटी पर मौजूद साकची पुलिस पेट्रोलिंग ने आग की सूचना झारखंड राज्य अग्निशमन विभाग को दी. जहां दमकल की गाड़ी ने मौके पर पहुंच करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गई, जिसे पुलिस द्वारा नियंत्रित किया गया. वहीं आग कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो सका है. बताया जा रहा है कि जिस जगह आग लगी है वहां कचरा था. वहीं आशंका जताई जा रही है कि किसी ने सिगरेट या बड़ी पीकर वहां फेंक दिया जिससे यह आग लगी है. हालांकि शार्ट सर्किट से भी इंकार नहीं किया जा रहा है. वैसे यह केबुल किस कम्पनी की है इसका पता नहीं चल सका है. आपको बता दें दो घण्टे पहले इसी जगह से तीन सौ मीटर की दूरी पर स्थित घोड़ा बाबा मंदिर के समीप एक प्लास्टिक के गोदाम में अगलगी की घटना से लाखों का सामान जलकर स्वाहा हो गया वहीं अभी गोदाम के आग की धधक ठंडी भी नहीं हुई, कि यह दूसरी अगलगी की घटना घटित हो गई. वैसे दोनों ही घटनाओं में कोई इंसानी जीवन को नुकसान नहीं हुआ, मगर नुकसान लाखों का जरूर हो गया.







