
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागबेड़ा इलाके में अखिलेश सिंह गिरोह के कंहैया सिंह और अन्य लोगों ने गुरुवार की देर रात को सिदो कान्हू मैदान (बागबेड़ा थाना से करीब सौ कदम की दूरी पर स्थित यह मैदान) के पास एक मकान में तोड़फोड़ की और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दिया. इससे दहशत में पूरी बस्ती आ गयी. घटना के बाद बस्तीवालों ने जब अखिलेश गैंग के लोगों को घेरने की कोशिश की तो कंहैया सिंह और उनके गिरोह के गुर्गे वहां से स्कार्पियों गाड़ी छोड़कर भाग निकले. घटनास्थल से पुलिस ने दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटनास्थल पर पुलिस पहुंच चुकी है. (नीचे देखे पूरी खबर)

मिली जानकारी के अनुसार, बागबेड़ा सिदो कान्हू बस्ती के पास नाला पर सत्यनारायण प्रसाद की जमीन है. सत्यनारायण प्रसाद का बेटा शिवजी प्रसाद अखिलेश सिंह गैंग के कंहैया सिंह के साथ घुमता है. वह अपनी फुआ शीला देवी पर दबाव बना रहा था कि वह अपने पैतृक संपत्ति उनको मुफ्त में लिख दें नहीं तो बुरा अंजाम होगा. इसका विरोध जब शीला देवी ने किया तो बीती रात कंहैया सिंह ने फोन पर शीला देवी के बेटे पिंटू को धमकाया और बुरा अंजाम भुगतने की चेतावनी दी. लेकिन वे लोग कागज पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया. इसके बाद गुरुवार की देर रात नशे में धुत करीब 15 लड़कों के साथ कंहैया सिंह आया. कंहैया के साथ उनका भाई रामबाबू, श्याम बाबू, सोनू सिंह, अखिलेश सिंह सोनू, शिवजी प्रसाद समेत अन्य लोग थे. वे लोग स्कार्पियों गाड़ी में सवार होकर आये और घर पर पथराव कर दिया. इसके बाद इन लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी. फायरिंग की आवाज सुनकर जब बस्ती के लोगों ने घेराबंदी कर दी, तब गाड़ी छोड़कर सारे अपराधी भाग गये. कंहैया सिंह पिछले दिनों ही सीतारामडेरा में अखिलेश सिंह गैंग और सुधीर दुबे गैंग के बीच हुई फायरिंग में जेल से बाहर निकला है. कंहैया सिंह अखिलेश सिंह का साथी है. घटना की सूचना मिलने के बाद थाना से तत्काल पुलिस पहुंची, लेकिन तब तक अपराधी भाग गये थे. पुलिस ने वहां से दो खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.








