
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत पोस्टऑफिस रोड स्थित लुथी टावर के पास आपराधिक छवि वाले बिट्टू शर्मा और उसके साथियों ने स्थानीय निवासी दीपक गौड़ के साथ मारपीट की इस दौरान अपराधियों ने हवाई फायरिंग भी की. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. इधर सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई. पुलिस ने घटना स्थल से एक खोखा भी बरामद किया है. घटना की जानकारी देते हुए दीपक गौड़ ने बताया कि वे बालू गिट्टी की सप्लाई करते है. आज रात को वह अपने एक साथी के साथ बैठे थे. पास ही बिट्टू शर्मा अपने दो साथियों के साथ कार में किसी का इंतजार कर रहा था. तभी किसी बात को लेकर वह उनसे उलझ गया और मारपीट करने लगा. मारपीट करने के बाद बिट्टू शर्मा ने हवाई फायरिंग कर दी. इतने में उनका बेटा आयुष मौके पर पहुंच गया तो बिट्टू ने उसके छाती पर बंदूक रख दी और उसे भी मारा पर कार में बैठे चालक ने उसे ऐसा करने से मना किया. जाते जाते बिट्टू ने एक और हवाई फायरिंग की. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.





