जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो स्थित उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर एक निवासी रिंकू देवी से 2.65 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है. इस मामले में रिंकू देवी ने एक ही परिवार के छह लोगों के खिलाफ स्थानीय थाना में मामला दर्ज कराया है. जानकारी के अनुसार न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने शंकोसाई रोड नंबर एक के रामनगर निवासी बलिंद्र प्रजापति समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. आरोपियों में बलिंद्र प्रजापति के अलावा अजय प्रजापति, जितेंद्र प्रजापति, निर्मला देवी, विष्णुपत प्रजापति और सावित्री देवी के नाम शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार आरोपी को रुपये देने से पहले रिंकू देवी ने वर्ष 2020 में 23 अगस्त को एग्रीमेंट किया था. मामले में बताया गया है कि आरोपी बलिंद्र प्रजापति ने रुपये लिया था. एग्रीमेंट के अनुसार बलिंद्र ने कहा था कि वह 2 से 4 महीने में रुपये लौटा देगा. लेकिन तय समयावधि के अंदर उसने रुपये नहीं लौटाये. अंततः जब दो साल बीत गये, तब धोखाधड़ी की आशंका होने पर रिंकू देवी उलीडीह थाने में पहुंचीं. रिंकू देवी पुलिस को बताया है कि बलिंद्र प्रजापति ने इलाके के कुल 50-60 लोगों से रुपये ले रखा है. वह किसी को भी रुपये नहीं दे रहा है. लोग रोजाना उसके आवास पर जाकर रुपये की मांग करते हैं. रिंकू देवी ने इस मामले में बताया है कि जब वह रुपये मांगने के लिये आरोपी के घर पहुंची, तो उसके साथ और पति के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गयी. घटना के बाद दोनों को इलाज के लिये एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बस्ती के लोगों के हस्तक्षेप से यह तय हुआ कि 2 माह के भीतर आरोपी रुपये दे देगा, लेकिन रुपये नहीं मिलने पर अंततः मामला कोर्ट तक पहुंचा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.







