
जमशेदपुर : जमशेदपुर में ठगी का एक नया मामला प्रकाश में आया है, जहां होलीडे पैकेज के नाम पर शहर के लोगों को लाखों का चूना लगाया गया है. हालांकि ठगी के शिकार लोगों के हिम्मत की दाद देनी होगी, जिन्होंने बगैर रिसीविंग और पुख्ता प्रमाण के लाखों लुटा दिए. वैसे लुटे पिटे ठगी के शिकार लोग गुरुवार को जिला मुख्यालय पहुंचे और एसएसपी से इंसाफ की गुहार लगाई. बताया जाता है कि ब्रेनवेज हॉलीडेज नेटवर्किंग कम्पनी के मालिक विजय सिंह चौहान और रोहित सिंह नामक व्यक्ति की ओर से एक स्पेशल हॉलिडे पैकेज लाया गया. इसके तहत उन्होंने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से केवल जुगसलाई और बागबेड़ा क्षेत्र के करीब 179 लोगों से टूर पैकेज के नाम पर 22 लाख 55 हजार 400 रुपए ठग लिए. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि इस पैकेज को लेने के लिए जालसाज ओने प्रति व्यक्ति 12 हजार 600 वसूले हैं. वैसे जब इनके द्वारा पैकेज के शर्तों के आधार पर टूर की डिमांड की गई, तो पहले तो टालमटोल किया और लॉकडाउन का हवाला दिया. उसके बाद जालसाजों ने कंपनी बंद होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया. उधर हताश परेशान लोग पुलिस की शरण में जाने लगे, जिसके बाद जालसाजों द्वारा उल्टा पीड़ितों को ही धमकी दी जाने लगी. अंततः सभी ने जिला पुलिस मुख्यालय पहुंच कर जालसाजों के पास फंसे पैसे दिलाने की मांग की है. भुक्तभोगी लोगों ने बताया कि इस गोरखधंधे में रोशन ठाकुर और विजय मिश्रा भी इनका सहयोगी हैं. उन्होंने पूरे रैकेट की भूमिका की जांच किए जाने की मांग की.




