सरायकेला: एसपी को मिले गुप्त सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम ने खरसावां थाना क्षेत्र में अपराध की योजना बना रहे दो युवकों को पकड़ लिया, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. गिरफ्त में आए अपराधी का नाम राजकिशोर प्रमाणिक है. जिसका पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस ने इनके पास से देशी कट्टा, चार गोली, एंड्रॉयड मोबाइल और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है. इसकी जानकारी पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि कुछ लोग अपराध को अंजाम देने के लिए हथियार के साथ घूम रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
सूचना पर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया. जैसे ही पुलिस की टीम प्लस-2 हाई स्कूल, खरसावां पहुंची, बाईक सवार दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे. पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ा और तलाशी लेने पर अभियुक्त राजकिशोर प्रमाणिक के पास से देशी कट्टा, चार गोली, OPPO का एंड्रॉयड मोबाइल, गमछा और रॉयल एनफील्ड 350 मोटरसाइकिल बरामद किया. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त राजकिशोर प्रमाणिक उर्फ द्वारपाल का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है. उसपर पहले भी खरसावां थाना कांड संख्या-47/18, धारा 399/402/414 भादवि दर्ज है. साथ ही घटना में शामिल एक विधि विरुद्ध बालक को भी निरुद्ध किया गया है.



