चक्रधरपुर : चिकित्सा क्षेत्र से चक्रधरपुर के लिए एक बड़ी और राहतभरी खबर सामने आई है. चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में जल्द ही ब्लड बैंक की सुविधा शुरू होने की उम्मीद है. ब्लड बैंक स्थापना की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. ब्लड बैंक की स्वीकृति के लिए दिल्ली से आयी दो सदस्यीय केंद्रीय टीम रेलवे अस्पताल का निरीक्षण कर रही है. केंद्रीय टीम अस्पताल में उपलब्ध उपकरणों, संसाधनों, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा आवश्यक दस्तावेजों का बारीकी से मूल्यांकन कर रही है. जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय निरीक्षण प्रक्रिया में विलंब होने के कारण अब अंतिम मूल्यांकन सीधे केंद्रीय टीम द्वारा किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
टीम की सकारात्मक रिपोर्ट मिलने के बाद ब्लड बैंक को अंतिम स्वीकृति मिलने की संभावना है. गौरतलब है कि चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में ब्लड बैंक की स्थापना के लिए स्थानीय विधायक सुखराम उरांव ने विधायक निधि से 25 लाख रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई है. इसी राशि से ब्लड बैंक के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद की गयी है. ब्लड बैंक स्थापना की पूरी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ एसके मिश्रा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. डॉ मिश्रा ने ब्लड बैंक की आवश्यकता को देखते हुए प्रस्ताव तैयार कर क्षेत्रीय विधायक सुखराम उरांव को भेजा था. प्रस्ताव पर सकारात्मक पहल करते हुए विधायक ने विधायक निधि से आवश्यक राशि स्वीकृत की, जिसके बाद स्थापना की प्रक्रिया को गति मिली. (नीचे भी पढ़ें)
यदि केंद्रीय टीम की रिपोर्ट अनुकूल रहती है और शेष औपचारिकताएं समय पर पूरी हो जाती हैं, तो शीघ्र ही चक्रधरपुर एवं आसपास के हजारों लोगों को स्थानीय स्तर पर रक्त उपलब्ध हो सकेगा. इससे आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा मरीजों को रक्त के लिए चाईबासा, जमशेदपुर या अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. ब्लड बैंक की स्थापना से रेलवे अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी और पूरे क्षेत्र के मरीजों को इसका सीधा लाभ प्राप्त होगा.















