जमशेदपुर: जमशेदपुर के कदमा गणेश पूजा मैदान में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी पत्नी मीरा मुंडा के साथ सिद्धिविनायक भगवान श्री गणेश की पूजा- अर्चना की और देश एवं राज्य के लोगों की खुशहाली की कामना की. इस अवसर पर उनके साथ जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय सहित भाजपा के कई नेता मौजूद थे. बता दें कि कदमा गणेश पूजा मैदान जमशेदपुर का सबसे पुराना और एकमात्र मेला आयोजित करने वाला स्थल है. यहां वर्षों से अर्जुन मुंडा अपने पूरे परिवार के साथ पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा करते आ रहे हैं. इस वर्ष भी उन्होंने अपनी परंपरा को निभाते हुए पत्नी मीरा मुंडा और हजारों भक्तों के साथ पूजा- अर्चना की. पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में अर्जुन मुंडा ने कहा कि उन्होंने भगवान से देश एवं राज्य के सभी लोगों की खुशहाली की कामना की है. उन्होंने आशा जताई कि भगवान गणेश सभी के घरों में सुख और समृद्धि प्रदान करेंगे.



