
जमशेदपुर : बागबेड़ा कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों में कचड़ा उठाव अभियान आरंभ कर क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का आश्वासन पोटका के विधायक संजीव सरदार ने बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के उप मुखिया सुनील गुप्ता को मांग पत्र सौंपने के दौरान दिया है. श्री गुप्ता के द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में कहा गया है कि पूरा बागबेड़ा क्षेत्र कचरे के ढेर पर बसा हुआ है. गली, मोहल्ले, चौक-चौराहे पर कचरे का अंबार होने के कारण कभी भी संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी रहती है. श्री गुप्ता ने बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत अंतर्गत दुर्गा पूजा मैदान के समीप मुख्य सड़क के किनारे कचरे का ढेर, गणेश पूजा मैदान, शहीद मैदान, चित्रगुप्त पूजा मैदान, कुंवर सिंह मैदान, दुर्गा पूजा मैदान, वायरलेस मैदान, शंख बाबा मैदान, राजेंद्र स्कूल के समीप मुख्य सड़क के किनारे, मजार के बगल में सटी दीवार के किनारे, शिशु विद्या मंदिर विद्यालय के बगल में, गांधीनगर मुख्य सड़क के किनारे, रामनगर बजरंगबली मंदिर के पास कचरे की जगहों को चिन्हित किया है. सुनील गुप्ता ने बताया है कि विधायक संजीव सरदार ने जेसीबी, ट्रैक्टर एवं मजदूरों के सहयोग से कचरा उठाव अभियान के तहत पूरे बागबेड़ा क्षेत्र को कचरामुक्त स्वच्छ बनाने का आश्वासन दिया हैं. उन्होंने कहा है कि बहुत जल्द इस अभियान की शुरुआत कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं हरियाली पूर्ण बनाने का कार्य किया जाएगा. इस दौरान पर वार्ड सदस्य भवनाथ सिंह, वंदना गुप्ता, संगीता देवी, मनोज राय व नीलू श्रीवास्तव उपस्थित थीं.





