जमशेदपुर : निर्वाचन आयोग से प्राप्त कार्यक्रम के आलोक में पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत घाटशिला विधानसभा उप चुनाव हेतु एकीकृत प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन आगामी 02 सितम्बर मंगलवार को किया जाएगा. इसके तहत दावे एवं आपत्तियों की अवधि 02 से 17 सितंबर तक, दावे एवं आपत्तियों का निपटारा 25 सितंबर तक होगा. अंतिम प्रकाशन को 29 सितंबर सोमवार को होगा. उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई की अर्हता तिथि तक योग्य नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने हेतु प्रपत्र-6 में आवेदन कर सकते हैं. (नीचे भी पढ़े)
नाम संशोधन हेतु प्रपत्र-8 तथा स्थानांतरण, विलोपन हेतु प्रपत्र-7 में आवेदन किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि सभी प्रकार के आवेदन ऑनलाइन https://voters.eci.gov.in या वोटर हेल्पलाइन एप के माध्यम से भी किए जा सकते हैं। इसके अतिरिक्त संबंधित बीएलओ, इआरओ, एइआरओ के कार्यालय में भी आवेदन जमा किया जा सकता है. उन्होंने आमजन से अपील की कि लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने हेतु समय पर नाम दर्ज कराना, संशोधित कराना अथवा आवश्यक सुधार कराना सुनिश्चित करें. गौरतलब है कि राज्य के मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है, जिसका चुनाव कराने की तैयारी की गयी है.



