जमशेदपुर : जमशेदपुर लोकसभा संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले घाटशिला विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है. पूर्व मंत्री और झामुमो के पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष रामदास सोरेन के निधन के बाद यह सीट खाली हुई है. जाहिर सी बात है कि इस चुनाव को लेकर वैसे तो झामुमो की ओर से यह तय माना जा रहा है पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन ही प्रत्याशी होंगे. लेकिन भाजपा के टिकट पर कौन चुनाव लड़ेगा, इसको लेकर चर्चा का बाजार गर्म है. पिछले विधानसभा चुनाव में यहां से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को टिकट दिया था. लेकिन वे चुनाव हार गये थे. 2024 के चुनाव में घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में रामदास सोरेन ने करीब 23 हजार मतों से जीत दर्ज की थी. रामदास सोरेन को कुल 98356 वोट मिले जबकि निकटतम प्रतिद्वंदी बाबूलाल सोरेन को 75910 मत मिले थे. तीसरे नंबर पर जेएलकेएम रहा था, जिसको 8092 वोट मिले थे. 2014 के चुनाव में लक्ष्मण टुडू ने चुनाव जीता था. वे उस समय भाजपा के टिकट से चुनाव लड़े थे. (नीचे भी पढ़े)
लक्ष्मण टुडू को कुल 52506 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर झामुमो के रामदास सोरेन को 46103 वोट मिले थे. 2014 के चुनाव में झामुमो और कांग्रेस का गठबंधन नहीं हुआ था. कांग्रेस से प्रदीप कुमार बलमुचू की बेटी सिंड्रेला बलमुचू ने चुनाव लड़ा था, जहां उनको 36672 वोट मिले थे. 2019 के चुनाव में रामदास सोरेन ने चुनाव जीता था. उनको 63531 वोट मिले थे जबकि दूसरे नंबर पर भाजपा रही थी, जिसके प्रत्याशी लखन चंद्र मार्डी थे. लखन मार्डी को 56807 वोट मिले थे. प्रदीप कुमार बलमुचू इस चुनाव में कांग्रेस से बगावत कर आजसू के टिकट पर 31910 वोट हासिल किये थे और तीसरे नंबर पर रहे थे. मौजूदा चुनाव के हालात को देखते हुए यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार भी चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के तौर पर चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन को टिकट दे सकती है. हालांकि, चुनाव में पूरी जोर आजमाइश भाजपा करेगी. यहीं वजह है कि 11 सितंबर को होने वाले हर प्रखंड के महाधरना में तीन तीन मुख्यमंत्री स्तर के नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा है. (नीचे भी पढ़े)
रांची के नगड़ी में रिम्स -2 की जमीन और सूर्या हांसदा के इनकाउंटर को लेकर यह धरना हर प्रखंड में होगा, जिसमें घाटशिला प्रखंड में होने वाले आंदोलन का नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे जबकि धालभूमगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन और मुसाबनी प्रखंड में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में धरना होगा. इस कारण यह तय है कि भाजपा इस सीट को वापस लेने की कोशिश करेगी. बताया जाता है कि अगर बाबूलाल सोरेन का टिकट कटता है तो उनके पिता और पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन खुद टिकट ले सकते है और अगर वहां से जीत गये तो सरायकेला से अपने बेटे को चुनाव लड़वाने का जोखिम ले सकते है. (नीचे भी पढ़े)
वहीं, अंदरखाने चर्चा है कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के करीबी माने जाने वाले लखन चंद्र मार्डी को पार्टी फिर से प्रत्याशी बना सकती है. वजह है कि उनको आरएसएस का भी समर्थन प्राप्त है और लगातार उस इलाके में भाजपा में ही रहकर काम करते रहे है. वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की पत्नी मीरा मुंडा को भी टिकटार्थी के तौर पर देखा जा रहा है, जो वहां दमदार कैंडिडेट हो सकती है. वैसे भी 2024 के चुनाव के बाद हुई रामदास सोरेन की मौत को लेकर लोगों में उनके बेटे के प्रति सहानुभूति की लहर होगी, लेकिन भाजपा इस चुनाव में हर संभव कोशिश करेगी कि जीत हासिल कर एक सीट बढ़ा लिया जाये.














