जमशेदपुर : रेड क्रॉस सोसाइटी की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई एवं राम मनोहर लोहिया नेत्रालय की ओर से द्रौपदी देवी चिमनलाल भालोटिया सेवा संस्थान, राजस्थान सेवा सदन तथा जिला ग्रामीण स्वास्थ्य समिति के सहयोग से समाजसेवी स्व. प्रमोद कुमार बजाज की स्मृति में आयोजित 783वां नेत्र शिविर सोमवार को 23 नेत्र रोगियों की विदाई के साथ सम्पन्न हो गया. इससे पूर्व जानेमाने नेत्र चिकित्सक डॉ बीपी सिंह एवं उनकी सहयोगी चिकित्सीय टीम ने उनकी जांच कर जरूरी सलाह दी. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर शिविर संयोजक रचित बजाज, निखिल बजाज एवं प्रशान्त कुमार ने ऑपरेशन कराये नेत्र रोगियों को चश्मा एवं दवा प्रदान किये. इसके साथ ही उन्होंने नेत्र रोगियों को उपहार स्वरूप एक-एक छाता प्रदान किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं कि वे जल्द से जल्द स्वस्थ होकर अपनी सामान्य दिनचर्या में वापस आ सकें. रेड क्रॉस का अगला नेत्र शिविर एएसएल ग्रुप ऑफ कम्पनीज के माध्यम से समाजसेवी एवं रेड क्रॉस के पेट्रन दिलीप गोयल के जन्मदिन पर श्रीमती जयश्री गोयल के संयोजन में आयोजित किया जायेगा. 13 सितम्बर से 16 सितम्बर तक आयोजित होने वाले इस शिविर के दौरान नेत्र शिविर के साथ रक्तदान शिविर एवं टीबी मरीजों को पोषण सहयोग भी प्रदान किया जाएगा.














