
जमशेदपुर : पांच माह पूर्व कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम से चाईबासा के दम्पत्ति की नवजात बच्ची अचानक गायब हो गई थी. जहां पुलिस की सक्रियता से बच्ची को घाटशिला से बरामद किया गया था. उधर बच्ची को अभी तक माता- पिता को नहीं सौंपा गया है. वहीं आज बच्ची को जमशेदपुर के खासमहल स्थित सदर अस्पताल लाया गया. जहां बच्ची का डीएनए जांच के लिए सैम्पल लिया गया. बच्ची को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में सदर अस्पताल लाया गया. वहीं बच्ची के माता- पिता के चेहरे पर अपनी बच्ची को जल्द पाने का इंतजार है. वहीं बच्ची महिला कांस्टेबल की गोद में काफी खुश नजर आयी. एमजीएम अस्पताल में चाईबासा के दंपत्ति को नवजात बच्ची हुई थी. वह बच्ची गायब हो गयी थी. बाद में किसी तरह बच्चे को घाटशिला से रिकवर किया गया था. लेकिन इसको लेकर विवाद हो गया था. यह साफ नहीं हो पाया था कि आखिर वहीं बच्ची है या किसी और के बच्चे को पुलिस उनका बच्चा बता रही है. इसके बाद से पुलिस की कस्टडी में बच्ची को भेज दिया गया. अब बच्ची का डीएनए टेस्ट कराया जा रहा है. माता-पिता के डीएनए से बच्ची के डीएनए का मिलान किया जा रहा है, जिसके आधार पर बच्चे को सौंपने और नहीं सौंपने पर फैसला लिया जायेगा. इसके लिए पूरी प्रक्रिया अपनायी जायेगी. इस बीच मां-बाप और बच्चा दोनों ही एक दूसरे से मिलने के लिए तरसते रहेंगे.






