
जमशेदपुर : जमशेदपुर के उलीडीह थाना अंतर्गत राजीव पथ श्यामनगर स्थित संजीत प्रजापति के घर पर चोरों ने मंगलवार रात स्प्रे कर घर में रखे गहनों की चोरी कर ली. चोर घटना को अंजाम देने के बाद संजीत के घर पर चाकू और अपना चप्पल छोड़कर भाग निकले. सुबह जब घरवालों कि नींद खुली तो चोरी कि जानकारी हुई. घटना की सूचना उलीडीह थाना को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई. जांच में पुलिस को संजीत के घर से थोड़ी दूरी पर सामान बिखरा पड़ा मिला. संजीत ने बताया कि उनका घर पूरी तरह से तैयार नहीं है. मंगलवार को वे अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ सोए हुए थे. सुबह उठने पर सभी के सर चक्कर मार रहे थे. रात को उनका डेढ़ साल का बेटा दूध पीने के लिए उठता है पर बीती रात वो भी नहीं उठा. संजीत ने बताया कि चोरों ने 60 हज़ार के गहनों समेत 2 मोबाइल फोन की चोरी कर ली. चोरों ने काली मंदिर के पास खड़े एक ऑटो की स्टेपनी भी चुरा ली साथ ही पड़ोस के घर पर भी चोरी का प्रयास किया.







