जमशेदपुर : साकची गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान पद के चुनाव तिथि की घोषणा अभी बाकी है, लेकिन इसको लेकर सरगर्मियां बढ़ गई हैं. अभी का अपडेट यही है कि दिग्गज सतबीर सिंह गोल्डू, जो पहले विपक्षी गुट में थे, पक्ष गुट से जुड़ गए हैं जिससे निशान सिंह खेमा और मजबूत हो गया है. वहीं मतदाता सूची बनाने का कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है. इसे शनिवार का सबसे बड़ा उलटफेर कहा जा सकता है कि कभी विपक्षी गुट की अग्रिम पंक्ति में रहे सतबीर सिंह गोल्डू ने निशान सिंह खेमे से जुड़कर अपना समर्थन दिया. निशान सिंह खेमे के लिए इसे बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, इससे निशान सिंह का पलड़ा भारी माना जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

दूसरी तरफ़, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, साकची की ओर से वोटिंग लिस्ट अद्यतन करने का काम एक-एक वोटर के पास जाकर जोर-शोर से किया जा रहा है ताकि किसी का नाम छूट न जाए या किसी भी प्रकार की त्रुटि न रह जाए. इसी कड़ी में आज साकची बाजार में घूम घूमकर पूरी वोटर लिस्ट को अपडेट किया गया तथा जिनके नाम छूट गए हैं, उन्हें जोड़ा गया. वैसे युवा जो 18 वर्ष से ऊपर आयु के हो गए हैं, उनके नाम भी वोटर लिस्ट में दर्ज किये जा रहे हैं, सभी के आधार कार्ड के नंबर लिए जा रहे हैं जिन्हें वोटर लिस्ट में जोड़ा जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
गौरतलब है कि वोटर लिस्ट बनने के बाद 10 मई को उसे साकची गुरुद्वारा साहिब के सूचना पट्ट पर प्रदर्शित किया जाएगा तथा त्रुटि निवारण के लिए आम संगत को 20 मई तक का समय दिया जाएगा. जिनके नाम छूट गए हैं, सूचीबद्ध नहीं हैं या किसी और प्रकार की त्रुटि है, तो उसे वोटर गुरुद्वारा साहिब कार्यालय जाकर अपने आधार कार्ड की फोटो कॉपी जमा करा कर फॉर्म भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है. 20 मई के बाद वोटर लिस्ट में यदि कोई त्रुटि पाई जाती है तो पक्ष और विपक्ष के लोग अपनी बात सीजीपीसी से मनोनीत दो सदस्यों के पास रखेंगे और दोनों सदस्य साकची की संगत द्वारा बनाए गए संयोजक एवं सह संयोजक के साथ मिलकर उन त्रुटियों को दूर कर सकेंगे ताकि दोनों पक्षों के बीच आगे किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न हो. 21 से 25 मई तक फ्रेश वोटर लिस्ट बनाकर संयोजक एवं सह संयोजक को सौंपी जाएगी ताकि वे नामांकन की प्रक्रिया शुरू कर सकें.




