जमशेदपुर : प्रचंड गर्मी की वजह से आदमी तो आदमी, जानवर भी काफ़ी परेशान नज़र आ रहे हैं. गुरुवार शाम बर्मामाइंस सुनसुनिया गेट के पास ट्रक पार्किंग के बाहर एक धामिन सांप दिखने से वहां आसपास मौजूद लोग डर गए. कुछ लोग उसे पत्थर मार कर भगाने की कोशिश करने लगे. पत्थर लगने से सांप जख्मी हो गया.(नीचे भी पढ़ें)
इसी बीच घायल सांप को पकड़ने के लिए चंदन पाठक पहुंचे, जिन्होंने उसे पकड़ कर पास के जंगल में छोड़ दिया. चंदन ने लोगों से गुजारिश की कि किसी भी सांप को देखने के बाद उसे मारें नहीं, क्योंकि ये हमारे पर्यावरण मित्र हैं. इनका भी पर्यावरण में रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि धामिन सांप ज़हरीला नहीं होता है, यह चूहे को खाकर हमारी मदद करता है. यह सांप बहुत फुर्तीला होता है. अगर इसे चूहा या मेंढक जमीन पर नहीं मिले तो यह पेड़ पर भी बहुत आसानी से चढ़ जाता है एवं चिड़ियों एवं उनके अंडों, गिलहरियों को अपना शिकार बनाता है.



