
जमशेदपुर : वैश्विक संकट को देखते हुए जमशेदपुर उपायुक्त के निर्देश के बाद साकची स्थित कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल एमजीएम और डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज में कुल 85 गृह रक्षकों की बढ़ोत्तरी किए जाने संबंधी निर्देश जारी किया गया था. जिसमें 60 होमगार्ड के जवानों की एमजीएम अस्पताल में प्रतिनियुक्त की गई थी, जबकि 25 जवानों की तैनाती एमजीएम मेडिकल कॉलेज में हुई थी. वहीं पिछले मार्च और अप्रैल महीने का इन जवानों को कर्तव्य भत्ता नहीं दिया गया है. इसको लेकर इनका एक प्रतिनिधिमंडल आज स्वास्थ्य मंत्री से मिला. जहां इन्होंने स्वास्थ्य मंत्री को एक ज्ञापन सौंप बकाया मानदेय के भुगतान संबंधी आदेश जारी किए जाने की मांग की. सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से इन्होंने बताया कि वैश्विक संकट के इस दौर में एमजीएम अस्पताल में तैनात जवान अपनी जान जोखिम में डालकर 24 घंटे सेवा दे रहे हैं. इन्हेंने बताया कि अस्पताल में बने कोविड जांच केंद्र, ब्लड बैंक, आइसोलेशन वार्ड, मरीजों को लाने ले जाने से लेकर वार्ड ब्यॉय तक की भूमिका ये जवान निभा रहे हैं, बावजूद इसके सरकार या विभाग द्वार इन्हें पिछले दो महीनों से तय कर्तव्य भत्ता नहीं दिया जा रहा है. इन्होंने मंत्री से अविलंब बकाया भत्ता दिए जाने संबंधी आदेश निर्गत किए जाने की मांग की है.







