
जमशेदपुर : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित छाया नगर के लोग दहशत में है. वैसे इनके दहशत का कारण ब्राउन शुगर और ड्रग्स है. आपको बता दें कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर ड्रग्स का कारोबार हो रहा है. जहां ड्रग्स के कारोबारी खुले आम लोगों को धमकियां भी दे रहे हैं. स्थानीय लोग बताते हैं कि इनका मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि ये खुलेआम गोली चलाकर क्षेत्र में भय का माहौल बना रहे हैं और लोगों को डरा- धमका रहे हैं. वैसे इसकी सूचना इनके द्वारा सीतारामडेरा थाना पुलिस को दी गई है, लेकिन अब तक ड्रग्स कारोबारियों पर पुलिस नकेल कसने में नाकाम रही है उल्टे ड्रग्स कारोबारी अब पहले से ज्यादा आक्रोशित होकर सरे आम लोगों को जान से मारने की धमकियां भी दे रहे हैं. इधर ड्रग्स कारोबारियों के भय से आक्रोशित लोग आज जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचे. जहां उन्होंने सिटी एसपी से मिलकर एक ज्ञापन भी सौंपा है. सौंपा ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने जान- माल के रक्षा की गुहार लगाई है. आपको बता दें कि जमशेदपुर से सटे सरायकेला जिला के आदित्यपुर में ड्रग्स का कारोबार चरम पर है. और इलाके का सबसे बड़ा ड्रग्स कारोबारी डॉली का ठिकाना भी आदित्यपुर मुस्लिम बस्ती है, लेकिन आज तक डॉली पुलिस की पकड़ से दूर है. वहीं धीरे-धीरे अब आदित्यपुर के बाद जमशेदपुर के आसपास के इलाकों में ड्रग्स के कारोबारी सक्रिय हो रहे है. ऐसे में जिला प्रशासन के लिए जल्द ही ड्रग्स कारोबारियों से निपटना चुनौती होगा. अन्यथा आने वाले दिनों में आम लोगों को इसका बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ सकता है.







