जमशेदपुर : जमशेदपुर के उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, संचयन एवं बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में उत्पाद विभाग द्वारा एमजीएम थाना अंतर्गत कालाझोर ग्राम में अवैध शराब के निर्माण, संचयन एवं बिक्री के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान बड़ी मात्रा में अवैध शराब एवं निर्माण सामग्री को नष्ट किया गया तथा अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. छापेमारी के दौरान घटनास्थल पर अवैध शराब निर्माण के लिए संचित करीब 3,000 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही विनष्ट किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, 105 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई. मामले में गुनोधर महतो एवं अन्य संदिग्ध अभियुक्तों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. उपायुक्त द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रखने तथा ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं.




