जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो पुलिया पर सोमवार की सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई जब टमाटर लदा एक ट्रक अचानक ब्रेक फेल हो गया. दुर्गा पूजा के मौके पर सड़कों पर भीड़भाड़ को देखते हुए स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी, लेकिन ट्रक चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक का ब्रेक अचानक काम करना बंद कर दिया सामने से भारी भीड़ और गाड़ियों का दबाव था. ऐसे में चालक ने बिना समय गंवाए ट्रक को रॉन्ग साइड मोड़ा और पुल निर्माण कार्य में लगे हाइड्रा मशीन से टकरा दिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सहम गए, लेकिन सौभाग्य से किसी को चोट नहीं पहुंची. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. लोग जब तक कुछ समझ पाते, गुस्साई भीड़ ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी. वहीं, ड्यूटी पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस कर्मी और अधिकारी तुरंत हरकत में आए और चालक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला. बाद में उसे मानगो थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चालक की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा होने से टल गया. भीड़भाड़ और पूजा के अवसर पर जहां सड़क पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे. वहीं ट्रक का रफ्तार पकड़ना गंभीर संकट पैदा कर सकता था. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और ट्रक को जब्त कर लिया गया है.














