
जमशेदपुरः आज जनसंघ के संस्थापक डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती है. देशभर में भाजपाइयों द्वारा डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके बताए गए आदर्शों पर चलने की प्रेरणा ली गयी. इधर 4 जून को भारतीय जनतंत्र मोर्चा द्वारा भी डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित की गई और जमशेदपुर में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी एक स्मारक स्थल बनाए जाने की मांग टाटा स्टील प्रबंधन से की गई.

इस संबंध में जमशेदपुर पूर्वी के विधायक और भारतीय जनतंत्र मोर्चा के नेता सरयू राय ने बताया, कि उनके द्वारा विधानसभा में भी यह प्रस्ताव लाया गया था, कि देश के महान विभूतियों का स्मारक बनाया जाए ताकि महापुरुषों की याद ताजा रहे. उधर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को आधुनिक भारत का शिल्पीकार बताया और कहा भारतीय जनता पार्टी डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए पद चिन्हों पर चलते हुए आज एक देश एक कानून की राह पर चल रहा है. पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आज विकास के नए आयाम लिख रहा है ( नीचे भी पढे)
कदमा में भाजयुमो ने किया पौधरोपण

देश भर में डॉ श्याम प्रसाद मुखर्जी के जयंती के मौके पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है. मंगलवार को कदमा इलाके में भाजपा युवा मोर्चा द्वारा पौधरोपण किया गया. मौके पर भाजपा युवा मोर्चा कदमा मंडल के तमाम पदाधिकारियों के साथ जिला स्तर के नेतागण भी मौजूद रहे. इस दौरान बड़ी संख्या में पार्क में पौधरोपण किया गया. भाजपाइयों ने इस दौरान कहा, कि प्रकृति हमारी माता है और इनका संरक्षण करना हमारा दायित्व है. वर्तमान समय मे फैले महामारी ने हमे पर्यावरण संरक्षण का पाठ पढ़ा दिया है और इसी को देखते हुए भाजपा ने संकल्प लिया है, कि देश भर में अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाएगा साथ ही उन्हें संरक्षित किया जाएगा.




