जमशेदपुर : आगामी नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व के मद्देनजर जनता दल यूनाइटेड के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता आकाश शाह ने जिला प्रशासन से मांग की है कि महालया से लेकर विजयादशमी तक जमशेदपुर शहर में दिन के समय भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश एवं परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगायी जाए. बड़े मालवाहक वाहनों को केवल रात्रि के निर्धारित समय में ही शहर में प्रवेश की अनुमति दी जाए, ताकि आम जनता को जाम से राहत मिल सके. आकाश शाह ने कहा कि मानगो क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह तथा शाम के समय मानगो पुल और आसपास की सड़कों पर घंटों जाम लगा रहता है. वाहन रेंग-रेंगकर आगे बढ़ते हैं, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. जाम के कारण स्कूली बच्चों, छात्र-छात्राओं, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों के साथ-साथ जरूरी कार्यों से निकलने वाले लोगों का समय भी बर्बाद होता है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि सबसे चिंताजनक स्थिति तब उत्पन्न होती है, जब गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने वाले वाहन जाम में फंस जाते हैं. नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के दौरान बाजारों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से सड़कों पर यातायात का दबाव और बढ़ने की आशंका है. ऐसे में प्रशासन को समय रहते ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है. आकाश शाह ने मांग की कि महालया से विजयादशमी तक दिन में भारी मालवाहक वाहनों की नो-एंट्री सख्ती से लागू की जाए. (नीचे भी पढ़ें)
साथ ही मानगो पुल, मानगो चौक, डिमना चौक और साकची की ओर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त यातायात पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि जाम की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके और आपातकालीन वाहनों का आवागमन बाधित न हो. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आस्था और उल्लास का पर्व है. प्रशासन को आम जनता की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को प्राथमिकता देते हुए विशेष यातायात योजना लागू करनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं एवं शहरवासियों को घंटों जाम में फंसने की समस्या से राहत मिल सके.




