जमशेदपुर : राष्ट्रवादी संगठन सैल्यूट तिरंगा की ओर से बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन सभागार में रविवार को झारखंड गौरव सम्मान 2025 का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे. वहीं हजारीबाग के पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय, सैल्यूट तिरंगा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश झा समेत कई गणमान्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत संबोधन दिया और सभी से राष्ट्रप्रेम की भावना को सर्वोपरि रखने की अपील की. इस मौके पर महिला सशक्तीकरण, मानव सेवा, पर्यावरण संरक्षण और समाज उत्थान में उल्लेखनीय योगदान करनेवाले लोगों को झारखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया. सैल्यूट तिरंगा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश झा ने कहा कि संगठन द्वारा देश भर में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि मानव सेवा और समाजसेवा में सक्रिय योगदान करनेवाले वीरों का सम्मान हो सके. साथ ही, यह संदेश जन-जन तक पहुंचे कि राष्ट्र ही सर्वोपरि है.














