जमशेदपुर : मानगो से सटे कपाली ओपी क्षेत्र के इस्लामनगर रोड नंबर 13 में एक घर से चोरी की घटना सामने आई है. जानकारी के अनुसार, यह घर लगभग 6 महीने से बंद पड़ा था. घर के मालिक अरबाज, दुबई में नौकरी करते हैं, जबकि उनका परिवार बेंगलुरु में रह रहा है. घर की देखरेख का जिम्मा बीच-बीच में रिश्तेदार संभालते हैं. रविवार सुबह, जब रिश्तेदार सोहराब वहां घर की देखभाल के लिए पहुंचे, तो उन्होंने घर की बाउंड्री के अंदर दो संदिग्ध लड़कों को देखा. लड़के उन्हें देखकर तुरत फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

इसके बाद जब सोहराब ने घर का निरीक्षण किया, तो पाया कि पीछे का दरवाजा खुला हुआ है और घर अंदर से पूरी तरह बदहाल हो चुका है. सोहराब ने बताया कि घर के अंदर सामान बिखरे पड़े थे और चोरों ने घर को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया था. वहीं चोरों ने घर के रूम के अंदर शौच तक किया था, जिससे यह घटना और भी भयानक नजर आ रही है. चोरी ह. सामानों की सूची में दो लैपटॉप, गोदरेज में रखे कई कीमती सामान, एल्युमिनियम के बर्तन और अन्य जरूरी घरेलू वस्तुएं शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, कुल नुकसान लगभग 2 लाख रुपये का बताया जा रहा है, हालांकि इस पूरी घटना की शिकायत अभी तक कपाली थाना में दर्ज नहीं कराई गई है. पीड़ित परिवार ने स्थानीय पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है. क्षेत्र में यह घटना लोगों में चिंता का विषय बनी हुई है. आसपास के लोग भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं. कपाली थाना प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन आसपास के लोगों ने इस घटना के प्रति चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस को और सक्रिय होने की आवश्यकता है.



