
जमशेदपुर : राज्य के पूर्व मंत्री और झारखंड मजदूर यूनियन के संरक्षक दुलाल भुईयां ने टाटा समूह के सभी इकाइयों सहित एक्सएलआरआई और टिनप्लेट के दलित- आदिवासी और मूलवासी अस्थाई मजदूरों की लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया है. रविवार को जमशेदपुर सर्किट हाउस में दलित और हरिजन मजदूर संगठनों के नेताओं के साथ बैठक कर 15 फरवरी को एक्सएलआरआई गेट पर धरना प्रदर्शन का ऐलान किया. साथ ही उन्होंने बताया, कि 21 फरवरी को समीक्षात्मक बैठक कर 3 मार्च को होने वाले टाटा साहब की जयंती समारोह पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार किए जाने की बात उन्होंने कही. (नीचे भी पढ़ें)
आपको बता दें कि टाटा समूह के सभी इकाइयों में अस्थाई संवर्ग के कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को नियमित किए जाने की मांग को लेकर झारखंड मजदूर यूनियन चरणबद्ध आंदोलन चला रही है. इसके तहत पूरे राज्य के दलित आदिवासी मूलवासी मजदूरों एवं मजदूर संगठनों का सहयोग इन्हें मिल रहा है. वैसे दुलाल भुइयां ने इस आंदोलन को देशव्यापी बनाने का संकल्प लिया है, और टाटा प्रबंधन के खिलाफ आर- पार का मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने बताया, कि जब तक उनकी सांस रहेगी दलित आदिवासियों और मूल वासियों का आंदोलन जारी रखेंगे. उन्होंने टाटा साहब की जयंती के मौके पर रतन टाटा से मिलकर यहां के मजदूरों की स्थिति से अवगत कराए जाने की बात कही है. इसको लेकर रणनीति तैयार किए जाने की बात उन्होंने कही. इस दौरान बैजू मुखी, हरी मुखी सहित कई दलित मजदूर नेता मौजूद रहे.




