जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड झारखंड मुक्ति मोर्चा के एक दल ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंच कर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें बागबेड़ा वायरलेस मैदान में नवनिर्मित पार्क का नामकरण दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर करते हुए दिवंगत नेता को सम्मान दिये जाने की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि जमशेदपुर प्रखंड झामुमो के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंच कर उपायुक्त को एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में उपायुक्त का ध्यान बागबेड़ा वायरलेस मैदान की ओर आकृष्ट कराते हुए जानकारी दी है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को सम्मान देने के उद्देश्य से बागबेड़ा वायरलेस मैदान में नव निर्मित पार्क का नामकरण उनके नाम पर करने का फैसला लिया है. लेकिन भाजपा के कुछ नेताओं की ओर से रात के अंधेरे में गुप-चुप तरीके से मुख्य गेट पर अन्य महापुरुष का नाम लिख दिया गया है. ज्ञापन में कहा गया है कि झामुमो द्वारा पार्क का नामकरण पहले ही कर दिये जाने के बावजूद इस तरह की हरकत से पार्टी में नाराजगी है. इससे इस पार्टी की ओछी मानसिकता परिलक्षित होती है. उन्होंने इसके आलोक में उपायुक्त से बागबेड़ा वायरलेस मैदान का नामकरण दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर रखने में कोई विवाद नहीं हो, यह सुनिश्चित करने की मांग की है.




