सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 9 के बिजली उपभोक्ताओं ने सोमवार को बिजली विभाग के कार्यालय में ताला लगाकर कर्मियों को बंधक बना लिया. इससे आम उपभोक्ताओं के साथ ही अधिकारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. दरअसल ये सभी आदिवासी उपभोक्ता हैं, जिनका आरोप है कि विभाग के अधिकारियों के इशारे पर उनके खिलाफ बिजली चोरी का झूठा मुकदमा दर्ज कर परेशान किया जा रहा है. उनके अनुसार उनके खिलाफ बार-बार मामला दर्ज किया जा रहा है. जुर्माना भरने के बाद भी केस दर्ज किया जा रहा है. उपभोक्ताओं ने बताया कि उनसे बिजली कनेक्शन बहाल करने के एवज में आधार कार्ड लिया गया और पुलिस को भेजकर केस दर्ज कराने की जानकारी दी गई. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के अधिकारियों के इशारे पर कर्मी उन्हें जान बूझकर बार-बार परेशान कर रहे हैं. इस संबंध में विभाग के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, किन्तु सभी अधिकारी और कर्मी अपने कार्यालय से नदारद मिले. मामला चाहे जो भी हो, एक तरफ झारखंड सरकार आदिवासियों को मुफ्त बिजली देने की बात करती है तो वहीं दूसरी ओर विभाग के कर्मी आदिवासी उपभोक्ताओं को परेशान कर रहे हैं. मामले में क्या सच्चाई है यह तो विभाग के अधिकारियों के सामने आने के बाद ही पता चल सकेगा, किन्तु फिलहाल उपभोक्ताओं की नाराजगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सोमवार को दिन भर उपभोक्ता बिजली विभाग के कार्यालय में ताला बंद कर अधिकारियों एवं कर्मियों को बंधक बनाए रहे.




