
जमशेदपुर:जमशेदपुर में इन दिनों जे एन ए सी पार्किंग और ट्रैफिक पुलिस के द्वारा बनाए गए नो पार्किंग को लेकर आम लोगों की जेब ढीली हो रही है. साकची का बसंत सिनेमा चौक इन दिनों पार्किंग और नो पार्किंग जोन बना हुआ है. बुधवार को यहां कपाली निवासी राजन खान ने जैसे ही अपनी कार पार्किंग की वैसे ही पहले तो पार्किंग ठेकेदार के स्टॉफ ने 20 रुपए का पार्किंग रसीद थमा दिया. जब वह वापस आया तो ट्रैफिक डीएसपी ने राजन को नो पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करने का फाइन काट दिया. इसके बाद स्थानीय लोगों ने वहां जमकर हंगामा किया. राजन ने बताया कि डीएसपी के कहने के बाद स्थानीय दुकानदारों ने वहां लगा पार्किंग का बोर्ड भी उखाड़ दिया
राजन ने बताया कि उसने कार को पार्क किया और पार्किंग शुल्क भी दिया पर डीएसपी द्वारा नो पार्किंग का फाइन काट दिया गया. जब उन्होंने वहां देखा तो वहां पार्किंग और नो पार्किंग दोनों का बोर्ड लगा हुआ है. इस संबध में ट्रैफिक डीएसपी बबन सिंह ने बताया कि उक्त स्थान पर पहले नो पार्किंग का बोर्ड लगा हुआ था पर जे एन ए सी द्वारा नो पार्किंग के बोर्ड के आगे पार्किंग का बोर्ड लगाकर पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है. इस संबंध में उन्होंने जे एन ए सी के स्पेशल ऑफिसर कृष्णा कुमार को सूचना दे दी है. उन्होंने इसकी जानकारी सिटी एसपी को भी दी.



