जमशेदपुर : शहर में बाइक चोरी की एक और घटना सामने आयी है. चोरों ने प्रेस क्लब ऑफिस के पास से पत्रकार की बाइक चोरी कर ली है. सीसीटीवी कैमरों में चोरों का चेहरा कैद हो गया है, जिसमें तीन चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं. पीड़ित राजेश कुमार सिंह, जो पेशे से पत्रकार हैं, ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने बताया कि शुक्रवार, 23 जनवरी को दोपहर करीब 2 बजे उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल को प्रेस क्लब कार्यालय के सामने खड़ा किया था. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, सबसे पहले एक युवक अकेले प्रेस क्लब के पास से बाइक लेकर निकलता दिख रहा है, जिसके बाद डीसी ऑफिस के पास दो अन्य युवक बाइक पर सवार हो जाते हैं. तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर मानगो की ओर जाते दिखते हैं. (नीचे भी पढ़ें)
करीब आधे घंटे बाद जब पत्रकार वापस लौटे तो उनकी बाइक वहां मौजूद नहीं थी. काफी खोजबीन के बाद भी जब बाइक का कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने थाना पहुंचकर इसकी शिकायत दर्ज कराई. फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है. शहर में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं से आम लोगों में डर का महौल है.




