जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने जुगसलाई स्थित टाटा पिगमेंट अंडरब्रिज के नीचे होने वाले जलजमाव की समस्या के शीघ्र निराकरण की मांग की है. अनिल मोदी ने कहा कि टाटा पिगमेंट अंडरब्रिज टाटानगर रेलवे स्टेशन एवं स्टेशन के आगे के क्षेत्रों में आने-जाने के लिए एक प्रमुख मार्ग है. थोड़ी सी बारिश होने पर ही अंडरब्रिज के नीचे भारी जलजमाव हो जाता है, जिसके कारण आवागमन बाधित होने के साथ-साथ प्रतिदिन लंबा जाम लग जाता है. इस दौरान सैकड़ों वाहन और राहगीर जलजमाव एवं जाम में फंस जाते हैं.
उन्होंने कहा कि वर्तमान में राखी सहित अन्य त्योहारों के कारण बाजारों और सड़कों पर भीड़ काफी बढ़ गई है. ऐसे में अंडरब्रिज में जलजमाव के कारण लगने वाला जाम आम लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन रहा है. यात्रियों, व्यापारियों, स्थानीय निवासियों तथा टाटानगर रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.अनिल मोदी ने रेलवे प्रशासन एवं जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र लिखकर मांग की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए दोनों विभाग संयुक्त जिम्मेदारी के साथ तत्काल आवश्यक कदम उठाएं. जल निकासी की समुचित व्यवस्था कर अंडरब्रिज में जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित कराया जाए, ताकि बारिश के दौरान आवागमन सुचारू रह सके और लोगों को जाम से राहत मिल सके. उन्होंने कहा कि यह समस्या प्रत्येक वर्ष बारिश के दौरान उत्पन्न होती है, इसलिए केवल अस्थायी जल निकासी की व्यवस्था के बजाय इसके स्थायी एवं प्रभावी समाधान की दिशा में कार्य किया जाना आवश्यक है.




