पटमदा: झारखंड सरकार द्वारा अलग राज्य निर्माण के आंदोलन में योगदान देने वाले चिन्हित आंदोलनकारियों को लगातार प्रशस्ति पत्र और सम्मान पत्र देकर सम्मानित करने का काम किया जा रहा है. इसी कड़ी में सोमवार को जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी ने बोड़ाम प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड के विभिन्न गांवों से पहुंचे 490 आंदोलनकारियों के बीच प्रशस्ति पत्र का वितरण अपने हाथों से किया. वर्षों बाद सम्मान मिलने पर सभी आंदोलनकारी गदगद हुए और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आभार व्यक्त किया. इस दौरान संबोधित करते हुए विधायक मंगल कालिंदी ने कहा कि आंदोलनकारियों के संघर्ष और प्रयासों की बदलौत ही अलग झारखंड राज्य का निर्माण संभव हुआ. उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारीयों को चिन्हित करते हुए मान-सम्मान, पेंशन और सुविधाएं देने की कार्य कर रही है जो काबिले तारीफ है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य की विकास तेज गति से हो रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति पर बसे लोगों तक विकास की रोशनी निश्चित रूप से पहुंचे. दूसरी ओर झारखंड सरकार की कल्याण विभाग द्वारा संचालित उन्नति का पहिया योजना के तहत बोड़ाम प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे 519 छात्र-छात्राओं के बीच विधायक ने साइकिल का वितरण भी अपने हाथों से किया. इस दौरान जिला पार्षद गीतांजलि महतो, प्रखंड प्रमुख ललिता सिंह, बीडीओ किकु महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष दीपंकर महतो, पार्षद प्रतिनिधि मानिक महतो, काजल सिंह, ईशान गोप, चित्तरंजन गोप समेत अन्य कई लोग मौजूद थे.




