जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति हो गयी, जब परिषद की नवनियुक्त चेयरपर्सन नौशीन खान ने पांच सरकारी योजनाओं का शिलान्यास करने से इनकार कर दिया. झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान की पत्नी और जुगसलाई नगर परिषद की चेयरपर्सन नौशीन खान जुगसलाई नगर परिषद में पांच योजना का शिलान्यास करने आयी. उन्होंने देखा कि शिलान्यास बोर्ड को फ्लैक्स में लगा दिया गया है और इसमें सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक मंगल कालिंदी के नाम के बाद उनका नाम रखा गया है और उसके बाद उपाध्यक्ष अर्चना दुबे का नाम रखा है. इस पर चेयरपर्सन नौशीन खान ने कड़ी आपत्ति जतायी और कहा कि जब राज्य के सभी जगहों पर शिलान्यास पट में नगर निकाय के चेयरपर्सन का नाम पहले होता है और फिर विधायक और सांसद का नाम गरिमामय उपस्थिति में होता है तो जुगसलाई में ऐसा क्यों किया गया. इसके बाद वे चली गयी. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान सारे वार्ड सदस्य और वाइस चेयरमैन अर्चना दुबे खड़ी रह गये, जिसके बाद वे लोग वापस लौट गये. शुक्रवार को जुगसलाई नगर परिषद के वार्ड संख्या 16 के अन्तर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के समीप अवस्थित सुलभ शौचालय से गर्ल्स स्कूल रोड तक पीसीसी पथ निर्माण के लिए 12,73,215 रुपये का योजना, वार्ड संख्या 13 में पाण्डेय मोहल्ला में दीपक केसरी के घर से हरेश्वर पाण्डेय के घर तक, भगवान मिश्रा के घर से नागेन्द्र पाण्डेय के घर तक, कचहरी मोहल्ला में चौधरी के घर के सामने नवल किशोर के घर के पास अनिका सिलाई सेंटर से नवल किशोर तिवारी के घर तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 3,04,864 रुपये की योजना, वार्ड संख्या 19 के तहत नया बाजार रघु पाण्डेय के घर के पास आरसीसी ब्रिज निर्माण के लिए 16,13,010 रुपये की योजना, वार्ड संख्या 15 में पुरानी बस्ती रोड में जीबी ग्लैक्सी के बगल गली में जरनैल सिंह के घर से मेन रोड तक, सत्येंद्र सिंह के घर से निर्मल सिंह के घर तक, निर्मल सिंह के घर से पुरानी बस्ती रोड तक, काली स्थान रोड में आशा कपड़ा दुकान से स्व० मों सैयद के घर तक आरओबी मस्जिद के पास तथा आरओबी के मस्जिद गली में होटल के पास आरसीसी नाली निमार्ण के लिए 8,66,481 रुपये, वार्ड संख्या 03 में ब्रॉच रामटेकरी रोड में सोनकर के घर से आलोक केडिया के घर तक आरसीसी नाली निर्माण के लिए 5,69,531.00 की योजना का शिलान्यास होना था. (नीचे भी पढ़ें)
इसमें सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक मंगल कालिंदी, जुगसलाई नगर परिषद की चेयरमैन नौशीन खान और वाइस चेयरमैन अर्चना दुबे को आमंत्रित किया गया था. इसमें सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार, विधायक मंगल कालिंदी के प्रतिनिधि और वाइस चेयरपर्सन अर्चना दुबे वहां आ चुके थे. लेकिन फिर इसको टाल दिया गया. नौशीन खान ने कहा कि बगल के आदित्यपुर से लेकर तमाम नगर निकायों में चेयरमैन या चेयरपर्सन को ही शिलान्यास में नाम रखा जाता है, लेकिन यहां नया कानून बनाया जा रहा है जो गलत है.







