जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब किन्नरों ने बवाल काटा. किन्नरों ने जुगसलाई थाना में पहुंचकर जमकर हंगामा किया और पुलिसवालों को खरी खोटी सुनायी. बताया जाता है कि जुगसलाई के गौरीशंकर रोड निवासी किन्नर समाज की एक सदस्य के साथ मारपीट की गयी थी. मारपीट करने वाले आरोपी को किन्नरों ने पकड़कर थाना को सौंप दिया था. लेकिन आरोपी को पुलिस ने कोई कार्रवाई किये बगैर ही थाना से छोड़ दिया. फिर क्या था. किन्नरों ने जमकर बवाल काटा. (नीचे भी पढ़ें)
थाना में पहुंचकर पुलिसवालों पर पैसा लेकर हमलावरों को छोड़ने का गंभीर आरोप लगा दिया. हालात ऐसा हुआ कि किन्नरों ने वहां से लोगों का आना जाना ही बंद करा दिया. खुद पुलिसवाले भी बैकफुट पर नजर आये. हंगामा बरपता देख पुलिस के आला अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया. उनकी बातों को सुना और आरोपी को जल्द से जल्द पकड़ने का आश्वासन दिया. इन लोगों ने कहा है कि अगर उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वे लोग फिर से हंगामा करेंगे.















