
जमशेदपुर : मानगो शंकोसाई मून सिटी रोड के साईं मंदिर के बगल में रहने वाली बॉबी बचपन से ही दिव्यांग है. हाल में ही उनके सिर से भाई और पिता का साया उठ गया है. मां समीर डे अपनी तीन बेटियों के साथ सब्जी बेचकर गुजर-बसर करती है. घर की माली हालत खराब है. दिव्यांगता के कारण बॉबी विद्यालय भी नहीं जा पा रही है. इसे देखते हुए ट्वीट के माध्यम से अपनी परेशानी भाजपा के प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी को बतायी. बल्लभ यूथ ऑर्गेनाइजेशन के सहयोग से शुक्रवार को बॉबी को कुणाल षाड़ंगी ने व्हीलचेयर देकर आंशिक रूप से मदद किया. आज बॉबी के आवास पर पहुंच कर श्री षाड़ंगी ने उसे व्हीलचेयर दिया गया, तो उसका पूरा परिवार भावुक हो उठा. परिवार के सदस्यों ने बताया कि कई बार सरकार को अर्जी देने पर भी बॉबी को व्हीलचेयर नहीं मिल पायी. इस कारण वह विद्यालय नहीं जा सकी. घर पर ही रह कर उसकी बहन और उसकी मां उसको शिक्षा देने काम कर रही हैं. कुणाल षाड़ंगी ने बॉबी के लिए ऑनलाइन शिक्षा की भी व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है. बॉबी के आवास पर कुणाल षाड़ंगी के साथ भाजपा नेता विकास सिंह, राजेश साहू, धर्मेंद्र प्रसाद, सुखदेव गिरि, कमलेश्वरी शर्मा, राज मिश्रा, गोपाल यादव, संजय सिंह गुड्डू, लालू गौड़, मनोज ओझा, प्यारेलाल साह, राम सिंह कुशवाहा, सुशील शर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे.




