जमशेदपुर : मानगो पुल पर रविवार दोपहर एक महिला ने पुल से नदी में छलांग लगाने की कोशिश की. हालांकि राहगीरों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने उसको समय रहते पकड़ लिया और उसे सुरक्षित स्थान पर ले गए. इस तरह उसकी जान बचा लिया. प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला जुगसलाई की रहनेवाली है. महिला ने पूछताछ में बताया कि 6 साल पहले उसकी शादी फिरोज नामक व्यक्ति से हुई थी, जो राजखरसावां का निवासी है. शादी के बाद शुरुआत में दोनों का जीवन सामान्य रहा, लेकिन लगभग तीन साल पहले फिरोज एवं उसके बीच अनबन शुरू हो गई और वे अलग रहने लगे. इसी बीच उनका एक बच्चा भी हुआ. पिछले दो वर्षों से वह इमरान नाम के एक व्यक्ति के साथ रह रही थी, जो दर्जी का काम करता है. उसने पुलिस को बताया कि इमरान ने शादी का झांसा देकर उसके साथ यौन संबंध बनाए और लगातार शोषण करता रहा. कुछ समय पूर्व वह गर्भवती भी हो गई थी. इमरान ने उसे बच्चा गिराने के लिए भी मजबूर किया, लेकिन वह इस कदम से इनकार करती रही. फिलहाल वह तीन महीने की गर्भवती है. (नीचे भी पढ़ें)
रविवार को जब उसने आत्महत्या के ले मानगो पुल से छलांग लगाने की कोशिश की तो कुछ राहगीरों ने उसको पकड कर उसकी जान बचाई और उसे पास के सुरक्षित स्थान पर ले गए. इसके तुरत बाद मानगो थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद वहां पहुंची पुलिस महिला को थाना ले गई जहां उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है. युवती की मानसिक स्थिति का भी आकलन कराया जाएगा. साथ ही इमरान के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने आसपास के लोगों से भी घटना के संदर्भ में सूचना देने की अपील की है. इस घटना ने सामाजिक रूप से एक बार फिर महिलाओं के खिलाफ बढ़ते यौन शोषण व अन्य अपराधों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है कि दोषी को जल्द सजा दिलाई जा सके.



