आदित्यपुर: सरायकेला- खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना अंतर्गत आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-1 आनंदपुर गांव के ग्रामीणों ने रविवार को आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोग जबरन चंदे के नाम पर पांच हजार रुपये वसूल रहे हैं. गरीब मजदूर वर्ग से इतनी भारी रकम वसूली का विरोध करने पर उन्हें गाली- गलौज और जान से मारने की धमकी दी जा रही है. ग्रामीणों ने बताया कि प्रकाश चालक, मोहन सरदार, लक्खीन्चरण सरदार और करण लोहार समेत कुछ लोग दबंगई दिखाकर लोगों से चंदा मांग रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)
विरोध करने वालों को रास्ता रोकने, बिजली कनेक्शन काटने और मारपीट करने जैसी धमकियां दी जा रही हैं. गांव में इसको लेकर भय का माहौल बन गया है. ग्रामीणों ने इस विषय पर बैठक भी की थी, लेकिन दबंगों के डर से कोई ठोस नतीजा नहीं निकला. अंततः ग्रामीणों ने आदित्यपुर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और गांव में सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.



