जमशेदपुर : जुगसलाई निवासी सत्यनारायण अग्रवाल ने झारखंड के मुख्य सचिव को पत्र लिख कर उनका ध्यान केंद्र सरकार द्वारा नगर निकायों एवं पंचायतों के जरिये विकास के एवं अन्य कार्य संपन्न कराने के लिए विगत अप्रैल माह में भेजी गई 2258 करोड़ रुपये की बड़ी रकम की ओर आकर्षित कराया है. 15वें वित्त आयोग के अनुदान के रूप में राज्य को प्रेषित उक्त राशि का आठ माह बीत जाने के बाद भी नगर निकायों द्वारा भेजी गई योजनाओं की स्वीकृति नहीं मिल पाने के कारण उपयोग नहीं हो पा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
श्री अग्रवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित एचएलएमसी की बैठक में ही उक्त योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की जाती है, किन्तु केंद्र से राशि प्राप्त होने के आठ माह बाद भी एचएलएमसी की बैठक आयोजित नहीं होने के कारण राज्य में विकास के कई कार्य नहीं हो पा रहे हैं. उन्होंने कहा है कि इस बीच 16वें वित्त आयोग की पहली किस्त विगत जून एवं दूसरी किस्त भी अक्टूबर माह में आ गई होगी. उन्होंने ध्यान दिलाया है कि इस वर्ष 16वें वित्त आयोग से राज्य के नगर निकायों के लिए 6093 करोड़ रुपये की राशि तथा रांची एवं धनबाद नगर निगमों के लिए 3500 करोड़ रुपये अलग से स्वीकृत हुए हैं. किन्तु सूचना के अनुसार समय पर उपयोगिता प्रमाण पत्र और ग्रांट ट्रांसफर सर्टिफेकेट जमा नहीं हो पाने के कारण 15वें वित्त आयोग से 700 करोड़ रुपये नहीं मिल पाए हैं. (नीचे भी पढ़ें)
श्री अग्रवाल ने ध्यान दिलाया है कि भविष्य में ऐसा नहीं हो, इसके लिए एचएलएमसी की बैठक कर प्राप्त राशि खर्च किया जाना अत्यावश्यक है. उन्होंने पत्र के माध्यम से केंद्रीय वित्त मंत्री, योजना आयोग के अध्यक्ष, राज्य के राज्यपाल, मुख्यमंत्री, सभी मंत्रियों, राज्य के सभी सांसद-विधायकों से राज्य के विकास के लिए 15वें वित्त आयोग के मद से भेजी गई राशि के उपयोग के लिए सार्थक प्रयास करने का आग्रह किया है.















