
जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका पोटका के मानपुर की युवती चंचला देवी के साथ कई साल लिव इन रिलेशनशिप में रहने के बाद अब कमलपुर गांव का रहने वाला युवक राजू धीर दूसरी लड़की से शादी कर रहा है. चंचला देवी को राजू धीर ने धमकी दी है कि अगर वह उसके घर आई या कहीं शिकायत की तो उसकी हत्या कर देगा. इस घटना के बाद चंचला देवी डरी हुई है. उसने मामले की शिकायत बुधवार को जमशेदपुर एसएसपी कार्यालय में की है. चंचला देवी ने बताया कि उसका राजू धीर के साथ प्रेम संबंध था. राजू धीर उसके साथ 6 साल तक लिव इन रिलेशनशिप में था. साल 2021 में जब चंचला देवी के माता-पिता ने राजू धीर से बेटी की शादी की बात की तो राजू धीर पहले तो टालता रहा. फिर मुकर गया. इसके बाद चंचला देवी के मां-बाप ने उसकी शादी ओड़िशा के संजीत उर्फ कमलाकांत राज के साथ कर दी. चंचला देवी 3 महीने तक ससुराल में रही. (नीचे देखे पूरी खबर)

इसके बाद राजू ओड़िशा उसके ससुराल पहुंच गया और हंगामा करने लगा कि वह चंचला के बिना नहीं रह सकता. अगर वह उसके साथ नहीं रही तो फांसी लगाकर आत्महत्या कर लेगा. इसके बाद चंचला के पति संजीत ने उसे छोड़ दिया. ओड़िशा में ही कोर्ट से चंचला का तलाक हो गया. चंचला देवी पोटका में अपने गांव मानपुर आ गई. तब से राजू धीर के साथ लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी. अब पता चला है कि राजू धीर पोटका के टुआडूंगरी गांव की किसी युवती से शादी कर रहा है. शादी की बात राजू धीर के घरवाले भी जानते हैं. चंचला देवी ने जब राजू धीर को शादी करने से मना किया तो उसने उसके साथ गाली गलौज की और उसे धमकाया. उसके माता-पिता को भी धमकाया और कहा कि अगर इस शादी के बीच में चंचला देवी आई तो उसका काम तमाम कर देगा. चंचला ने बताया कि उसने मामले की शिकायत थाने में भी की है और अब एसपी ऑफिस आकर यहां शिकायत कर रही है. उसकी मांग है कि राजू धीर की शादी उससे कराई जाए.






