
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत डीएस फ्लैट निवासी प्रेमी युगल शुक्रवार को शादी कर एसपी कार्यालय पहुंचा. दोनों ने मंदिर में शादी कर ली है. अब उन्हें डर है कि दोनों के परिजन उन्हें अलग कर देंगे. दोनो सिटी एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाने पहुंचे थे. यहां से दोनों को एएसपी कुमार गौरव को सौंप दिया गया. अब मामले की जांच एएसपी कुमार गौरव कर रहे हैं. युवती ने बताया कि दोनों पिछले छह साल से रिलेशन में हैं. चूंकि युवक दूसरे समुदाय से है इसलिए उसके घर वाले दोनो को अलग करना चाहते हैं. युवक के बारे में उसने घर वालों को भी बताया पर घर वाले राजी नहीं हुए. गुरुवार को वह घर से भाग गई और मंदिर में जाकर शादी कर ली. उसने घर से भागने से पहले घर वालों को खबर दे दी थी. इधर घर से भागने के बाद घर वालों ने युवक के खिलाफ शादी की नीयत से भगाने की लिखित शिकायत कर दी थी. उनका कहना है कि इस शादी को नहीं मानते. अब दोनों को डर है कि मामला दर्ज होने के कारण अलग कर दिया जाएगा. युवती ने बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी की है. अब दोनों अलग नहीं होना चाहते हैं.











