
जमशेदपुर : दो दिन बाद यानी 21 तारीख को रामनवमी है. लगातार दूसरे साल वैश्विक महामारी के बीच राम नवमी का पर्व मनाया जाएगा. इसका सबसे बुरा असर बाजार पर देखने को मिल रहा है. जहां एक से बढ़कर एक महावीरी ध्वजा तो बाजार में उपलब्ध हैं, लेकिन खरीदार नहीं पहुंच रहे. महावीरी झंडा बेचने वाले दुकानदार हताश और निराश नजर आ रहे है. जमशेदपुर के लगभग सभी इलाकों के दुकानदार वैश्विक महामारी के इस दौर में बेहाल परेशान हैं. दुकानदारों के अनुसार 10 रुपए से लेकर 500 रुपए तक के झंडे बाजार में है, लेकिन कोरोना महामारी के कारण पाबंदियों को देखते हुए ग्राहक नहीं जुट रहे हैं. वैसे उन्हें उम्मीद है कि पूजा से 1 दिन पहले बाजार में रौनक आएगी.












