
जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी के प्रतिनिधि और झामुमो के नगर सचिव नंदू सरदार द्वारा गाइनिक वार्ड का वीडियो बनाया गया. इसको लेकर चिकित्सकों और सुरक्षाकर्मियों ने जमकर हंगामा किया. प्रसव के बाद जमशेदपुर के सदर अस्पताल से जच्चा और बच्चा को एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया था, लेकिन उसका इलाज देर से हो रहा था तो विधायक प्रतिनिधि ने इस मामले को लेकर वहां वीडियो बनाना शुरू कर दिया. इसका विरोध चिकित्सकों ने किया. इस दौरान मरीजों के परिजनों और विधायक प्रतिनिधि के लोगों ने जमकर हंगामा किया. इसके बाद होमगार्ड के जवानों ने सबको किसी तरह रोका और अस्पताल अधीक्षक और उपाधीक्षक से इसकी जानकारी दी. चिकित्सकों ने आरोप लगाया है कि उन लोगों को जान से मारने की धमकी दी गयी. इस पर लिखित शिकायत भी की गयी है. मरीज के साथ आये भाई संजीव टुडू ने बताया कि वे लोग छोटा गोविंदपुर के सुंदरहातु के रहने वाले है. उनकी बहन राइमा मार्डी को प्रसव पीड़ा के बाद बीती रात सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा की हालत गंभीर होने लगी तो उनको रात में ही एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. एमजीएम अस्पताल में किसी तरह का कोई देखरेख नहीं किया गया और ना ही कोई बेड ही दिया गया. दोपहर दो बजे तक दर्द से कराहती रही, तब नंदू सरदार को इन लोगों ने सूचना दी, जिसके बाद नंदू सरदार आये और वीडियो बनायी तो अस्पताल अधीक्षक को दिखाया तो हंगामा करने लगा. नंदू सरदार ने बताया कि चिकित्सकों की लाहरवाही को उजागर करने के लिए मजबूरन उन्हें वीडियो बनाना पड़ा अन्यथा मरीज की हालत गंभीर होती जा रही थी. वीडियो बनाने के बाद ही इलाज शुरू किया गया और चिकित्सकों की लापरवाही के कारण जान जा सकती थी.





