
जमशेदपुर : जमशेदपुर के एसडीओ नीरज कुमार और खनन पदाधिकारी नदीम शफी ने संयुक्त रुप से उपायुक्त के निर्देश पर एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित तुरियाबेड़ा के हेम सिंह बगान के पास नदी किनारे से अवैध बालू का उत्खनन करने का भंडाफोड़ किया है. अधिकारियों ने वहां से छह ट्रैक्टर को जब्त किया है, जहां नदी किनारे से बालू का उठाव हो रहा था. छापामारी के दौरान सारे कर्मचारी और गाड़ी के चालक और खलासी भागने में सफल रहे. बताया जाता है कि जमशेदपुर के उपायुक्त सूरज कुमार को यह सूचना मिली थी कि तुरियाबेड़ा के दिल्ली पब्लिक स्कूल के पास स्थित नदी किनारे पर 15 लोग मिलकर ट्रैक्टर से बालू का उठाव कर रहे थे.

इसकी सूचना मिलते ही उपायुक्त ने इस मामले में एसडीओ नीरज कुमार को कार्रवाई करने का आदेश दिया. खनन पदाधिकारी को भी कार्रवाई करने को कहा गया, जिसके बाद अधिकारियों पुलिस सुरक्षा के बीच वहां धावा बोला. जैसे ही पुलिस की गाड़ियों की आवाज सुनायी दी, वैसे ही सारे लोग वहां गाड़ी और कूदाल, बेलचा समेत तमाम सामान और गाड़ियों को छोड़कर भाग गये. इस दौरान वहां अफरा-तफरी मच गयी. छह गाड़ियों को जब्त कर पुलिस को सौंप दिया गया.
पकड़ी गयी छह गाड़ियों में जेएच05एके-9556, जेएच05एपी-9630, ओआर-11-सी-2471, जेएच01टीसी-1264 और जेएच05बीएच-5974 शामिल है. इन सारी ट्रैक्टर को थाना में जब्त कर रखा गया है. गाड़ी मालिकों और अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. इन गाड़ियों के नंबर के आधार पर पुलिस पता लगा रही है कि गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन नंबर सही भी है या नहीं.







