जमशेदपुर : जमशेदपुर की उपायुक्त विजया जाधव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स के साथ बैठक की. बैठक में जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने एवं अयस्कों की अवैध ढुलाई पर नकेल कसने को लेकर कई बिंदुओं पर चर्चा हुई. उपायुक्त ने खनन विभाग एवं टास्क फोर्स में शामिल पदाधिकारियों को अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ सख्ती के निर्देश दिये. बैठक में वन क्षेत्र में अवैध खनन स्थलों को चिह्नित कर उन्हें भरवाने एवं रोकथाम के लिए वन विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की. (नीचे भी पढ़ें)
जिले में अवैध खनन एवं परिवहन को लेकर की गई कार्रवाई में अक्टूबर माह से अबतक 110 हाइवा जब्त किये जा चुके हैं, जिसमें आयरन ओर के साथ ही सफेद पत्थर, बालू व गिट्टी लदे वाहन शामिल हैं. उपायुक्त ने अवैध कारोबारियों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अपने स्तर से की गई कार्रवाई व सूचना के आदान-प्रदान में समन्वय बना कर काम करने को कहा. उपायुक्त ने दिसंबर माह में अंचल व थाना क्षेत्रों में अवैध बालू और स्टोन चिप्स जैसे खनिज पदार्थों का अवैध खनन व परिवहन रोकने के लिए किये गये प्रयासों को नाकाफी बताते हुए सभी सीओ को बाकी 15 दिनों में सघनता बढ़ाने का निर्देश दिया. बैठक में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर नन्दकिशोर लाल, धालभूम एसडीएम पीयूष सिन्हा, अपर उपायुक्त जयदीप तिग्गा, डीआरडीए निदेशक सौरभ सिन्हा, परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन, घाटशिला एसडीएम सत्यवीर रजक, डीएमओ संजय शर्मा, सभी अंचलाधिकारी, वन एवं प्रदूषण नियंत्रण विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.



