जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर 2 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘सट्टा एवं ड्रग्स के दुष्प्रभाव पर विचार क्रांति सम्मेलन’ के मुतल्लिक शुक्रवार को एक आवश्यक बैठक बिष्टुपुर में हुई. बैठक में दो अक्टूबर को हेने वाले इस क्रांति सम्मेलन के बारे में विस्तृत रुप से चर्चा की गई. (नीचे भी पढ़ें)
इस सम्मेलन के संयोजक सेवानिवृत्त भारतीय प्रशासनिक अधिकारी मनोज सिंह और अमित शर्मा ने बताया कि बैठक में हाल के दिनों में नशाखोरी के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई पर चर्चा हुई. बैठक में कहा गया कि पुलिस ने नशा के जिन सौदागरों को पकड़ा है, वो दरअसल छोटे स्तर पर धंधा करते हैं. पुलिस को बड़े लोगों पर शिकंजा कसने की जरूरत है. खास कर ऐसे लोगों को पकड़ना ज्यादा जरूरी है जो सट्टा का अवैध कारोबार ऑनलाइन करवाते हैं. इनका कहना था कि नशा और सट्टा का कारोबार हजारों करोड़ का है. ये लोग नौजवानों को बर्बाद कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
सम्मेलन के संयोजक मनोज सिंह ने बताया कि दो अक्टूबर के बाद जन-जागरुकता अभियान चलाया जाएगा. एक बड़ी टीम बनेगी. यह टीम जन-जागरुकता फैलाएगी. स्कूली बच्चों और नौजवानों पर विशेश फोकस रहेगा. उन्होंने बताया कि शहर में ऐसी बहुतेरी बस्तियां व कालोनियां हैं, जहां छोटी उम्र के लड़के नशा करते हैं. उन्हें इस दलदल से निकालने के लिए काम किया जाएगा। प्रयास होगा कि शहर के जितने भी स्कूल हैं, वहां जाकर बच्चों को नशा से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाए. उन्हें शपथ भी दिलाई जाएगी. श्री सिंह ने बताया कि आने वाले दिनों में सोशल मीडिया और नुक्कड़ नाटकों के मार्फत भी लोगों को नशेबाजी के खिलाफ सतर्क और सावधान किया जाएगा. इतना ही नहीं, जो लीगल एक्शन है, उसके बारे में भी बताया जाएगा. नशा करने से क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं, उन सभी के बारे में जानकारी दी जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
अमित शर्मा ने बताया कि दो अक्तूबर को प्रस्तावित यह सम्मेलन जमशेदपुर के साकची स्थित धालभूम क्लब में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा. सम्मेलन की अध्यक्षता जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय करेंगे. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बैठक में सैकड़ों लोग उपस्थित होंगे. बैठक में मुकुल मिश्रा, सुनील चौधरी, नीरज सिंह, जीतेंद्र सिंह जीतू, धर्मेंद्र सिंह, गोल्डन पांडेय, राजू सिंह आदि मौजूद रहे.




